तेंदुआ गांव में सर्पदंश से महिला की मौत, तीन मासूम बच्चियों के सिर से उठा मां का साया
(रिपोर्ट- मदन मोहन/नौगढ़/चंदौली)
चंदौली। नौगढ़ क्षेत्र के थाना चकरघट्टा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत मझगवां के तेंदुआ गांव में बीती रात सर्पदंश से एक 33 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और तीन मासूम बच्चियों के सिर से मां का साया हमेशा के लिए उठ गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, तेंदुआ गांव निवासी पन्नालाल कॉल की ३३ वर्षीय पत्नी मीना को बीती रात घर में किसी जहरीले सांप ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नौगढ़ में भर्ती कराया।
स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार कर महिला की जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन हालत अत्यंत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल चकिया के लिए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर चकिया जा ही रहे थे कि रास्ते में ही मीना ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष की पहल पर हुई कागजी कार्रवाई-
घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष चकरघट्टा द्वारा निजी साधन की व्यवस्था कर मृतिका के परिजनों को थाने पर बुलवाया गया। इसके बाद पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए शव का पंचायतनामा (पंचनामा) भरा और कानूनी कार्यवाही पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी (शवगृह) भेज दिया।
अत्यंत दयनीय है परिवार की स्थिति-
ग्रामीणों ने बताया कि मृतिका मीना का पति पन्नालाल मानसिक रूप से बीमार रहता है। वह कोई काम-धंधा करने की स्थिति में नहीं है, जिसके कारण मीना के कंधों पर ही पूरे घर को चलाने और बच्चों के भरण-पोषण की पूरी जिम्मेदारी थी। कमाऊ सदस्य की मौत से इस गरीब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हालात इतने खराब हैं कि थानाध्यक्ष के बुलावे पर थाने पहुंचने के लिए भी परिजनों को जैसे-तैसे साधन की व्यवस्था करनी पड़ी।मासूम बच्चियों का रो-रोकर बुरा हाल
मीना की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। मृतिका अपने पीछे तीन छोटी बेटियों को छोड़ गई हैं। मां की मौत के बाद 15वर्षीय आरती, 10 वर्षीय ज्योति और 8वर्षीय प्रीति का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से इस अत्यंत गरीब और असहाय पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता, पारिवारिक लाभ और सरकारी मुआवजा दिए जाने की पुरजोर मांग की है।



0 टिप्पणियाँ